अभी पिछले दिनों आपने पेंट के डब्बे जैसा लक्जरी बैग देखा था। आज बारी है वॉटरिंग कैन यानी गार्डन में पानी देने वाले झारे की। दुनिया की सबसे बड़ी लक्जरी कंपनी लुई वित्तॉन का एक अनोखा हैंडबैग सोशल मीडिया पर उड़ कर चल रहा है। यह बैग दिखने में गार्डन में पानी देने वाले झारे जैसा है और प्राइस है करीब 4.35 लाख रुपये। यह बैग असल में एक लक्जरी फैशन एक्सेसरी है, जिसे वॉटरिंग कैन के आकार में डिजाइन किया गया है। इसमें ब्रांड का सिग्नेचर एलवी मोनोग्राम कैनवास, एक स्पाउट (नली), टॉप हैंडल और डिटैचेबल लेदर स्ट्रैप दिया गया है। यह दरअसल फैरेल विलियम्स के मेन्स स्प्रिंग/समर कलेक्शन का हिस्सा है। इस कलेक्शन में कंपनी ने नर्चरिंग ग्रोथ यानी विकास का पोषण करने की थीम पर कई प्रोडक्ट्स शोकेस किए थे। इसी थीम के तहत रोजमर्रा की वस्तुओं को फैशन आइटम में बदला गया था। इसका एक छोटा वर्जन भी लॉन्च किया गया है, जिसे बैग चार्म या एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। रेजिन से बने और लेदर फ्लॉवर डिटेलिंग वाले इस बैग चार्म की प्राइस करीब 90 हजार रुपये है।