जोधपुर इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन एवं ग्रीन माइल इकोसिस्टम प्रा. लि. के संयुक्त तत्वावधान में एक स्थायी कल के लिए पर्यावरणीय जिम्मेदारी विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन एसोसिएशन सभागार में किया गया। ग्रीन माइल इकोसिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक तेजिंदर रेवरी ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उद्यमियों को पर्यावरणीय नियमों, विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व, अपशिष्ट प्रबंधन एवं सतत् औद्योगिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। जेआईए अध्यक्ष सोनू भार्गव ने कहा कि वर्तमान समय में प्लास्टिक प्रत्येक उद्योग एवं आमजन की आवश्यकता बन गया है। ऐसे में, जब तक प्लास्टिक का कोई व्यवहारिक एवं प्रभावी विकल्प उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक प्लास्टिक उत्पादों के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देना और उनका उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में जेआईए पूर्व अध्यक्ष एन के जैन, निवर्तमान अध्यक्ष अनुराग लोहिया आदि उपस्थित थे।