होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह निजी होटल में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर आयोजित बीकानेर टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े होटल, होमस्टे, हेरिटेज होटल, रेस्टोरेंट, डेजर्ट कैंप, वेडिंग रिसोर्ट, कंटेंट क्रिएटर और फूड ब्लॉगर सहित विभिन्न संस्थाओं एवं लोगों को सम्मानित किया गया। नई कार्यकारिणी में कुशल पारीक को अध्यक्ष, वसुंधरा भाटी को उपाध्यक्ष, शैलेन्द्र सिंह शेखावत को महासचिव, गोपाल अग्रवाल को संरक्षक तथा प्रदीप सारस्वत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में डेजर्ट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म, हेरिटेज टूरिज्म और नाइट टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रेतीले धोरों को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योजनाबद्ध प्रयासों से यह क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हाल ही में सांचू दौरे के दौरान बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दिया था। मेघवाल ने कहा कि बीकानेर अपनी ऐतिहासिक हवेलियों और समृद्ध विरासत के कारण देश में विशिष्ट पहचान रखता है और यह हजार हवेलियों का शहर है। उन्होंने हवेलियों के संरक्षण, नाइट टूरिज्म, बॉर्डर टूरिज्म तथा मेडिटेशन सेंटर जैसी परियोजनाओं के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने का आह्वान किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि पर्यटन के विस्तार से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। जिला कलक्टर निशांत जैन ने कहा कि पर्यटन आज एक बड़ा उद्योग बन चुका है और राजस्थान की अर्थव्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष एच. खान ने पर्यटन के विकास के लिए आगामी 10 वर्षों का विजन प्लान तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।