टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा द्वारा प्रोफेशनल डवलपमेंट एवं आयकर रिटर्न (आईटीआर) विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। प्रथम सत्र में सीए हिमांशु गोयल ने अपनी प्रैक्टिस को दोगुना कैसे करें विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रोफेशनल सफलता के लिए 5पी मंत्र बताए प्रैक्टिस, प्रोफेशनल ग्रोथ, समृद्धि, उद्देश्य/जुनून तथा दृढ़ता/सकारात्मकता। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल्स को केवल आयकर एवं जीएसटी तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी अपनी विशेषज्ञता विकसित करनी चाहिए, जिससे नई संभावनाओं के साथ अपनी प्रैक्टिस का विस्तार किया जा सके। सेमिनार में आकलन वर्ष 2026-27 के आईटीआर प्रपत्रों में हुए महत्वपूर्ण बदलावों की भी विस्तृत जानकारी दी। द्वितीय सत्र में जयपुर से पधारे सीए अनूप भाटिया ने आकलन वर्ष 2026-27 के आयकर रिटर्न (आईटीआर) प्रपत्रों में हुए महत्वपूर्ण परिवर्तनों एवं उनके व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम के दौरान टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा के प्रथम न्यूजलेटर का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीए डॉ. रोहित रुवाटिया, चेयरमैन, मेंबर्स इन पब्लिक सर्विसेज कमेटी, आईसीएआई रहे। उन्होंने अपने संबोधन में निरंतर सीखने, प्रोफेशनल उत्कृष्टता एवं संगठनात्मक एकता पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए गोविंद राम डूडी, सचिव सीए टिंकू जैन, उपाध्यक्ष सीए हितेश दयानी, कोषाध्यक्ष सीए विपुल अग्रवाल, संयुक्त सचिव सीए शिखा नेभिनानी सहित सत्र अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार विजय, सीए आशीष अरविंद जैन, कार्यक्रम संयोजक सीए पंकज शर्मा, सीए नितेश कुमार जैन, सीए रामलाल विजय व टैक्स एडवोकेट एम. एम. शर्मा आदि उपस्थित थे।