अमेरिका और ईरान के बीच महीनों से चले आ रहे सैन्य तनाव के बीच अब स्थाई शांति पर सहमति बन सकती है। इसके चलते बुधवार रात 8 बजे क्रूड ऑइल की प्राइस 7.32 फीसदी की गिरावट के साथ 94 डॉलर के लेवल पर आ गई। भारत में बीएसई सेंसेक्स में भी 900 से ज्यादा पॉइंट की तेजी आई। रिपोट्र्स के मुताबिक अमेरिका-ईरान वार्ता युद्ध समाप्त करने के लिए एक 30 पॉइंट के ड्राफ्ट पर सहमति के करीब पहुंच चुकी है। मसौदे के अनुसार लड़ाई रोक दी जाएगी, कड़ी निगरानी में ईरान के न्यूक्लियल प्रोग्राम (एनरिचमेंट) पर रोक लगा दी जाएगी। अमेरिका के ईरान पर कुछ प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी और होर्मुज फिर से खुल जाएगा। ईरान से 48 घंटों के भीतर जवाब देने की उम्मीद है, लेकिन अभी तक किसी समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। अमेरिका को अगले 48 घंटों के भीतर कई प्रमुख मुद्दों पर तेहरान की प्रतिक्रिया की उम्मीद है। प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की ओर से स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ईरानी अधिकारियों के साथ 30 सूत्रीय मसौदे पर बातचीत कर रहे हैं। ईरान ने बुधवार (6 मई 2026) को कहा कि वह शांति समझौते को तभी स्वीकार करेगा जब वह निष्पक्ष हो, क्योंकि ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के उद्देश्य से चलाए जा रहे तीन दिवसीय नौसैनिक अभियान को रोक दिया था। शांति समझौते के करीब पहुंचने को देखते हुए अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोक दिया है।