पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण क्रूड ऑयल की कीमतों के लगातार ऊपरी स्तर पर बने रहने के कारण सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है, जिसके कारण सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर सोना-चांदी की कीमतों में अचानक गिरावट देखने को मिली है। एमसीएक्स पर सोमवार को दोनो कीमती धातुओं की कीमतें ओपन होने के साथ ही फिसल गई। एमसीएक्स पर सोमवार शाम 6 बजे सोना 986 रुपए की गिरावट के साथ 1,50,366 रुपए प्रति दस ग्राम पर ट्रेड कर रहा था, जबकि चांदी में 6302 रुपए की गिरावट के साथ 2,40,000 रुपए प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। जयपुर सर्राफा मार्केट में सोना 1,52,500 प्रति दस ग्राम व चांदी 2,51,000 रुपए प्रतिकिलो बोली गई। डॉलर में मजबूती और क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी से इंडियन रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले इंडियन रुपया सोमवार को फिर टूट गया। रुपया शुरुआती कारोबार में नौ पैसे टूटकर 94.93 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार की समाप्त पर यह 39 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.23 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बताया जाता है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ग्लोबल मार्केटस में अस्थिरता, क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल और मुद्रास्फीति और आर्थिक नरमी की आशंका बढऩे से रुपया दबाव में है। क्रूड ऑयल की रेट्स 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है।