राज्य सरकार की मंशा केवल निवेश को आकर्षित कर उद्योग स्थापित करना ही नहीं, बल्कि उद्यमियों को औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतरीन कनेक्टिविटी सहित सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। रीको राज्य सरकार के अन्य विभागों के साथ बेहतरीन सामंजस्य स्थापित कर इसी दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में, महिंद्रा वर्ल्ड सिटी एवं आसपास के क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक को कम करने के लिये रीको ने निर्णय लिया है कि अजमेर रोड से महिंद्रा सेज को जोडऩे वाली 200 फीट चौड़ी एवं लगभग 4 किलोमीटर लंबी अप्रोच रोड का विकास एवं चौड़ीकरण कर इसे आधुनिक 8 लेन सडक़ के रूप में विकसित किया जाएगा। हाल ही हुई महत्वपूर्ण बैठक में रीको एवं जेडीए के मध्य इस अप्रोच रोड के विकास को लेकर सहमति बनी है। करीब 18.50 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में रीको और जेडीए 50-50 प्रतिशत खर्च वहन करेंगे। रीको द्वारा कुल खर्च में से लगभग 9.25 करोड़ रुपये दिये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना के तहत सडक़ चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर निर्माण, पौधारोपण, फेंसिंग, स्ट्रीट लाइटिंग एवं अन्य विद्युत कार्य भी कराये जाएंगे। गौरतलब है कि महिंद्रा वर्ल्ड सिटी लिमिटेड , रीको एवं महिंद्रा एंड महिंद्रा का संयुक्त उपक्रम है, जहां विशेष आर्थिक क्षेत्र (Special Economic Zone), घरेलू उत्पाद क्षेत्र एवं सामाजिक आधारभूत संरचना क्षेत्र विकसित हैं। इसमें रीको की 26 फीसदी भागीदारी है। महिंद्रा वर्ल्ड सिटी में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जिनमें करीब 75,000 लोग प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से कार्यरत हैं। साथ ही इस क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे आवासीय प्रोजेक्ट्स के कारण बड़ी संख्या में लोग रह रहे हैं।