पेट्रोल में एथनॉल मिलाने के मामले में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश ने आपूर्ति वर्ष 2025-26 में पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य पूरा कर लिया है। अखिल भारतीय डिस्टिलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में समाप्त हुए आपूर्ति वर्ष में औसतन 19.99 प्रतिशत एथनॉल ब्लेंडिंग दर्ज की गई। इस उपलब्धि में अनाज से बनने वाले एथनॉल की सबसे बड़ी भूमिका रही। कुल एथनॉल सप्लाई में अनाज आधारित स्रोतों की हिस्सेदारी 73.52 प्रतिशत यानी 800.53 करोड़ लीटर रही, जबकि चीनी आधारित स्रोतों का योगदान 26.48 प्रतिशत रहा। अनाज की श्रेणी में मक्का सबसे बड़ा सप्लायर बनकर उभरा। मक्के से 489.71 करोड़ लीटर एथनॉल की सप्लाई हुई, जो कुल आपूर्ति का करीब 46 प्रतिशत है। वहीं, अतिरिक्त चावल से 233.95 करोड़ लीटर और खराब खाद्यान्न से 76.87 करोड़ लीटर एथनॉल मिला। इस दौरान 1,050 करोड़ लीटर की जरूरत के मुकाबले 1,134.36 करोड़ लीटर एथनॉल का मिश्रण किया गया। उद्योग संगठन के मुताबिक, इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए एथनॉल उत्पादन क्षमता में निवेश, समय पर खरीद और स्थिर सरकारी नीतियां अहम रहेंगी।