भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की विदेशी मुद्रा बाजार में 239 अरब डॉलर की शुद्ध ‘शॉर्ट पोजिशन’ रुपये की मजबूती को सीमित कर सकती है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) का निवेश बढऩे के बावजूद केंद्रीय बैंक को अपनी पुरानी प्रतिबद्धताएं पूरी करने के लिए डॉलर खरीदने पड़ सकते हैं। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर, 2026 के अंत में आरबीआई के विदेशी मुद्रा वायदा सौदों के बही-खाते (फॉरवर्ड बुक) में 239 अरब डॉलर की शुद्ध शॉर्ट पोजिशन थी। इसका मतलब है कि पहले किए गए डॉलर खरीद-बिक्री के अदला-बदली सौदों के परिपक्व होने पर केंद्रीय बैंक को डॉलर उपलब्ध कराने होंगे। इसके लिए उसे बाजार से डॉलर खरीदने पड़ सकते हैं, जिससे रुपये की मजबूती सीमित होगी। कुल शॉर्ट पोजिशन में से करीब 40 अरब डॉलर के सौदे एक साल के भीतर, 56 अरब डॉलर के सौदे एक से तीन साल के बीच और शेष 143 अरब डॉलर के सौदे तीन से पांच साल के बीच परिपक्व होंगे। लंबी अवधि के सौदे मुख्य रूप से एफसीएनआर (बी) योजना से जुड़े हैं। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का अनुमान है कि रुपया दिसंबर, 2026 तक 92-94 प्रति डॉलर के दायरे में रहेगा। इसके मार्च, 2027 तक कमजोर होकर 94-95 और जून, 2027 तक 96 प्रति डॉलर तक पहुंचने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका एवं ईरान के बीच तनाव कम होने तथा अमेरिकी कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनियों के शेयरों में गिरावट से निकट अवधि में रुपये को मजबूती मिल सकती है। नवंबर में एफपीआई निवेश बढऩे से भी निवेशकों की धारणा सुधरी है। हालांकि, अमेरिका में ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल और वैश्विक पूंजी के लिए उससे प्रतिस्पर्धा रुपये की मजबूती को सीमित कर सकती हैं। रिपोर्ट में भारत के ऐसे विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का भी उल्लेख किया गया है, जिस पर कोई देनदारी या प्रतिबद्धता नहीं है और जिसमें वायदा सौदे शामिल नहीं हैं। इस आधार पर देश की आयात जरूरतों को पूरा करने की क्षमता अक्टूबर, 2026 में घटकर करीब सात महीने रह गई, जो एक साल पहले 10 महीने थी। रिपोर्ट के मुताबिक, आरबीआई का जोर अगले कुछ वर्षों में धीरे-धीरे विदेशी मुद्रा वायदा सौदों के अपने बही-खाते का आकार घटाने पर रहेगा।