भारत में इलेक्ट्रिक वाहन की बिक्री में वृद्धि को समर्थन देने के लिए अगले तीन साल में कम से कम 25,000 अतिरिक्त ‘डायरेक्ट करंट’ (डीसी) फास्ट चार्जर की जरूरत होगी। एक्सिकॉम टेली-सिस्टम्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक अनंत नाहटा ने यह अनुमान जताया है। नाहटा ने कहा, ‘‘अगले तीन साल में भारत को कम से कम 25,000 अतिरिक्त डीसी चार्जर की जरूरत होगी।’’ उन्होंने बताया कि यह अनुमान यात्री वाहन क्षेत्र में सालाना 60-80 प्रतिशत की वृद्धि और नई इलेक्ट्रिक बस एवं ट्रक को सडक़ों पर उतारे जाने को ध्यान में रखकर लगाया गया है। नाहटा ने कहा, ‘‘चार्जर की जरूरत केवल यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री तक सीमित नहीं है। बस और ट्रक के लिए भी चार्जिंग ढांचे का विस्तार करना होगा। सरकार विभिन्न योजनाओं के तहत 10,000-15,000 अतिरिक्त बसें शामिल कर रही है। इसके लिए ही 2,000-3,000 डीसी फास्ट चार्जर की जरूरत होगी।’’ देश में फिलहाल 29,000 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन हैं। इनमें करीब 8,000 फास्ट चार्जिंग स्टेशन हैं, जहां डीसी चार्जर उपलब्ध हैं। हालांकि, नाहटा ने कहा कि डीसी चार्जिंग नेटवर्क का इस्तेमाल अभी कम है और इसकी क्षमता का करीब पांच प्रतिशत ही उपयोग हो रहा है। एक्सिकॉम घरों, सार्वजनिक स्थानों और बस डिपो के लिए चार्जिंग उपकरण उपलब्ध कराती है। कंपनी अब तक 1.5 लाख से अधिक एसी चार्जर और करीब 5,000 डीसी चार्जर की आपूर्ति कर चुकी है। नाहटा के मुताबिक, कंपनी देश की शीर्ष 10 वाहन विनिर्माता कंपनियों में से सात और शीर्ष 20 चार्जिंग पॉइंट परिचालकों में से 17 के साथ काम कर रही है।