आंध्र प्रदेश को ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी है। राज्य सरकार सोलर और विंड एनर्जी के साथ पंप्ड स्टोरेज क्षमता का इस्तेमाल कर ग्रीन हाइड्रोजन और अन्य ग्रीन मॉलिक्यूल्स का उत्पादन करने का टार्गेट लेकर चल रही है। इनका उपयोग घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ दूसरे देशों को एक्सपोर्ट करने में भी किया जाएगा। राज्य के मंत्री नारा लोकेश के अनुसार आंध्र प्रदेश भारत का ...ग्रीन एनर्जी का सऊदी अरब... बनना चाहता है। विशाखापत्तनम में पिछले सप्ताह आयोजित सीआईआई की 31वीं पार्टनरशिप समिट के दौरान लोकेश ने कहा कि राज्य के पास सोलर, विंड और और पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स की अच्छी क्षमता है। इन स्रोतों से मिलने वाली ग्रीन पावर का इस्तेमाल ग्रीन मॉलिक्यूल्स बनाने में किया जा सकता है। इससे आंध्र प्रदेश घरेलू बाजार की जरूरतें पूरी करने के साथ इनका नेट एक्सपोर्टर भी बन सकता है। ग्रीन मॉलिक्यूल्स में मुख्य रूप से ग्रीन हाइड्रोजन और उससे तैयार होने वाले फ्यूल एवं रासायनिक उत्पाद शामिल हैं। इनका इस्तेमाल इंडस्ट्री, ट्रांसपोर्ट और पावर जैसे क्षेत्रों में जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने के लिए किया जा सकता है। आईआईटी तिरुपति में प्राइवेट सेक्टर की मदद से एनर्जी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य एनर्जी सेक्टर में नई तकनीकों और सॉल्यूशन पर रिसर्च करना है। लोकेश के मुताबिक, आंध्र प्रदेश क्लस्टर आधारित इंडस्ट्रियल डवलपमेंट मॉडल अपना रहा है। राज्य में करीब 24-25 इंडस्ट्रियल क्लस्टरडवलप किये जा रहे हैं। इनमें स्पेस सिटी, ड्रोन सिटी, सीमेंट इंडस्ट्री और रिन्यूएबल एनर्जी क्लस्टर शामिल हैं। इन क्लस्टरों के साथ रिसर्च, एजुकेशन और स्किल डवलपमेंट को भी जोड़ा जाएगा। लोकेश के अनुसार पिछले ढाई साल में आंध्र प्रदेश को करीब 22 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।