वाशिंगटनञ्चआईएएनएस। साइबर क्रिमिनल्स क्या एआई का इस्तेमाल दुनिया में खौफ पैदा करने के लिए कर रहे हैं? क्या कुछ घंटों के भीतर ही दहशत फैलाई जा सकती है? कुछ ऐसे ही सवालों को लेकर फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक साइबर अपराधी दुनिया भर के संगठनों पर हमले तेज करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सुरक्षा परीक्षण टूल का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें से कुछ हमलों में तो वे तीन घंटे से भी कम समय में प्रिविलेज्ड एक्सेस (विशेष पहुंच) तक पहुंच जाते हैं। ब्यूरो ने बताया कि हमलावरों ने अगस्त से एआरटीईएक्स नामक ओपन-सोर्स फ्रेमवर्क का इस्तेमाल किया है। इसके जरिए उन्होंने फाइनेंस, सरकार, टेक्नोलॉजी, डिफेंस, एनर्जी और हेल्थकेयर जैसे विभिन्न क्षेत्रों के संगठनों को निशाना बनाया है। एफबीआई के अनुसार, यह टूल घुसपैठ के कई चरणों को ऑटोमेट कर सकता है—संभावित लक्ष्यों की पहचान करने से लेकर डेटा चोरी की तैयारी करने या उसे अंजाम देने तक। इससे बचाव करने वालों के पास हमले का पता लगाने और उस पर प्रतिक्रिया देने के लिए बहुत कम समय बचता है। कुछ मामलों में, शुरुआती लक्ष्य बनाने से लेकर सिस्टम तक विशेष (प्रिविलेज्ड) एक्सेस हासिल करने तक की प्रक्रिया तीन घंटे से भी कम समय में पूरी हो गई। अलर्ट के मुताबिक, इस फ्रेमवर्क को मूल रूप से अधिकृत सुरक्षा परीक्षण के लिए बनाया गया था।