इनकम टैक्स विभाग ने कहा कि जिन करदाताओं के विदेशी बैंक खातों में पिछले वित्त वर्ष के दौरान किसी भी समय कुल जमा राशि 20 लाख रुपये तक रही है, उन्हें ‘छोटे करदाताओं के लिए विदेशी परिसंपत्तियों की खुलासा योजना’ (फास्ट-डीएस) के तहत जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, यह छूट तभी मिलेगी जब खाते में जमा धन घोषित स्रोतों से आया हो। इनकम टैक्स विभाग ने योजना से जुड़े अतिरिक्त अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (एफएक्यू) का विवरण देते हुए कहा कि यह राहत उन मामलों में भी लागू होगी, जहां विदेशी बैंक खाते की जानकारी इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) की अनुसूची एफए में नहीं दी गई है, लेकिन खाते में जमा राशि का हिसाब मौजूद है और उसका स्रोत घोषित आय है। विभाग ने कहा कि काला धन (अघोषित विदेशी आय और परिसंपत्ति) एवं कर अधिरोपण अधिनियम, 2015 के तहत 20 लाख रुपये तक की कुल जमा वाले ऐसे खातों का आईटीआर की अनुसूची एफए में खुलासा नहीं करने पर लगने वाले 10 लाख रुपये के जुर्माने से छूट है। ऐसे खातों के संबंध में अधिनियम की धारा 49 और 50 के तहत अभियोजन से भी राहत मिलेगी। हालांकि, यह छूट अघोषित आय या बेहिसाब जमा वाले खातों पर लागू नहीं होगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में घोषणा करनी होगी और संबंधित राशि पर काला धन अधिनियम के तहत कर एवं जुर्माना लगेगा। विभाग ने यह भी कहा कि यदि कोई विदेशी परिसंपत्ति आंशिक रूप से कर चुकाई गई आय और आंशिक रूप से अघोषित आय से खरीदी गई है, तो उसके लिए योजना की श्रेणी ए के तहत घोषणा करनी होगी। संयुक्त रूप से रखे गए विदेशी बैंक खातों के मामले में प्रत्येक खाताधारक को अपने खाते में हित की जानकारी अलग से देनी होगी। विभाग के मुताबिक, अनुपालन की जिम्मेदारी हर करदाता की व्यक्तिगत होगी। विभाग ने कहा कि यदि किसी करदाता ने विदेश से होने वाली विभिन्न स्रोतों की आय में से कुछ को ही इनकम टैक्स रिटर्न में घोषित किया है, तो योजना के तहत केवल अघोषित आय या परिसंपत्तियों के बारे में ही घोषणा करनी होगी। इसी तरह, अनुसूची एफए में घोषित नहीं की गई परिसंपत्ति के लिए ही घोषणा की जा सकती है। योजना के तहत घोषित आय या परिसंपत्तियों के संबंध में अभियोजन से छूट मिलेगी। फास्ट-डीएस योजना 15 अगस्त को शुरू की गई थी और यह 31 दिसंबर को बंद होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, युवा पेशेवरों, प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कर्मचारियों और विदेश से लौटे अनिवासी भारतीयों सहित ऐसे करदाताओं को विदेश में अपनी अघोषित परिसंपत्तियों और आय का खुलासा करने का एकमुश्त अवसर देना है। योजना के तहत श्रेणी-ए में एक करोड़ रुपये तक की अघोषित विदेशी परिसंपत्तियों या आय पर 30 प्रतिशत कर और इसके बराबर अतिरिक्त राशि देनी होगी। इस तरह कुल कर देनदारी 60 प्रतिशत होगी। वहीं, श्रेणी-बी में पहले से कर चुकाई गई, लेकिन आईटीआर की अनुसूची एफए में घोषित नहीं की गई विदेशी परिसंपत्तियों के लिए पांच करोड़ रुपये तक की सीमा तय है। इस श्रेणी में घोषणा पर एक लाख रुपये का एकमुश्त शुल्क देना होगा। नांगिया एंड कंपनी एलएलपी के वरिष्ठ भागीदार अमित अग्रवाल ने कहा कि नए स्पष्टीकरण से योजना के क्रियान्वयन को लेकर करदाताओं को स्पष्टता मिलेगी और व्याख्या संबंधी अस्पष्टता कम होगी।