आधार कार्ड को पहचान के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसमें दर्ज जन्मतिथि को उम्र का पक्का सबूत नहीं माना जा सकता। दिल्ली हाईकोर्ट ने एक कर्मचारी की नौकरी और सेवानिवृत्ति से जुड़े मामले में अहम फैसला सुनाते हुए साफ किया कि केवल आधार कार्ड के आधार पर किसी कर्मचारी की नौकरी खत्म नहीं की जा सकती। न्यायमूर्ति मनोज कुमार ओहरी ने 13 नवंबर को दिए फैसले में कहा कि आधार कानून के तहत आधार नंबर को केवल पहचान के प्रमाण के रूप में मान्यता मिली है। मामला एक महिला कर्मचारी की जन्मतिथि को लेकर था। नियोक्ता ने आधार कार्ड में दर्ज 20 मई 1959 की जन्मतिथि के आधार पर उसे 58 साल की उम्र पूरी होने पर नौकरी से हटाने का तर्क दिया था। दूसरी ओर, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के रिकॉर्ड में उसकी जन्मतिथि 20 मई 1960 दर्ज थी। अदालत ने कर्मचारी के पक्ष में फैसला देते हुए कहा कि नियोक्ता केवल आधार कार्ड में दर्ज दूसरी तारीख के आधार पर उसकी नौकरी एक साल पहले खत्म नहीं कर सकता। इस फैसले से साफ हो गया है कि नौकरी और रिटायरमेंट से जुड़े मामलों में जन्मतिथि साबित करने के लिए भरोसेमंद दस्तावेज जरूरी हैं।