भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में मजबूत प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। इस वित्त वर्ष के अप्रैल-सितंबर के दौरान देश का कुल इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 44 प्रतिशत बढक़र 31.97 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 22.20 बिलियन डॉलर था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी साझा की। बयान में कहा गया है कि जहां स्मार्टफोन निर्यात भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात कहानी की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है, वहीं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में इससे भी तेज वृद्धि दर्ज की गई है, जो निर्यात टोकरी के व्यापक और विविध बनने का संकेत है। आंकड़ों के मुताबिक, स्मार्टफोन निर्यात अप्रैल-सितंबर, 2026 के दौरान 35.8 प्रतिशत बढक़र 18.17 बिलियन डॉलर हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 13.38 बिलियन डॉलर था। हालांकि स्मार्टफोन अब भी इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात का सबसे बड़ा हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन कुल निर्यात में उनकी हिस्सेदारी घटकर 60.3 प्रतिशत से 56.8 प्रतिशत रह गई, जिसका मुख्य कारण अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की तेज वृद्धि है। गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 56.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 8.81 बिलियन डॉलर से बढक़र 13.79 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया। इसके परिणामस्वरूप कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इस श्रेणी की हिस्सेदारी बढक़र 39.7 प्रतिशत से 43.2 प्रतिशत हो गई।