आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं बढऩे जा रही हैं। सरकार मौजूदा 23 रिजर्व्ड ट्रीटमेंट पैकेज की संख्या बढ़ाकर 112 करने की तैयारी में है। यानी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पहले से ज्यादा तरह के इलाज की सुविधा मिल सकेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने इसके लिए 89 नए ट्रीटमेंट पैकेज की पहचान की है। नई लिस्ट में खून की कमी, हाई ब्लड प्रेशर, ब्रोंकाइटिस, दस्त, पेट और आंतों में इंफेक्शन, यूरिन इंफेक्शन, किडनी स्टोन से होने वाले दर्द और बुखार जैसी आम बीमारियों का इलाज शामिल है। इसके अलावा डायबिटीज से जुड़ी परेशानियों, गर्भाशय की सर्जरी, बायोप्सी, हाइड्रोसील, बवासीर और गांठ के इलाज को भी इसमें शामिल करने का प्रस्ताव है। आंखों की बीमारियों में डायबिटिक रेटिनोपैथी और ग्लूकोमा की जांच भी इस लिस्ट का हिस्सा होगी। इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा छोटे शहरों और कस्बों के मरीजों को मिल सकता है। उन्हें सामान्य इलाज के लिए बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खासतौर पर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और सब-डिविजनल अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं बढ़ेंगी। योजना के तहत मरीजों को कैशलेस इलाज देने वाले सरकारी अस्पतालों को सरकार खर्च की भरपाई करती है। इस रकम से अस्पताल नए मेडिकल उपकरण खरीद सकेंगे, दवाओं की उपलब्धता बढ़ा सकेंगे और डॉक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सेवाएं ले सकेंगे। एनएचए ने राज्यों से 25 नवंबर तक इस प्रस्ताव पर सुझाव मांगे हैं। सभी सुझावों पर विचार करने के बाद नई व्यवस्था को एक दिसंबर से लागू करने की योजना है। हालांकि, राज्य अपने यहां उपलब्ध डॉक्टरों और सुविधाओं के आधार पर ट्रीटमेंट पैकेज की संख्या कम कर सकेंगे।