एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने देशभर में म्यूचुअल फंड निवेश को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी की है। इस समझौते के तहत पीएनबी अपनी देशभर में फैली शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को एसबीआई म्यूचुअल फंड की विभिन्न स्कीमों में निवेश की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य बैंक के मौजूदा ग्राहक आधार तक म्यूचुअल फंड की पहुंच बढ़ाना और नए निवेशकों को निवेश के प्रति जागरूक करना है। नई दिल्ली स्थित पीएनबी के मुख्यालय में इस समझौते पर एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के चीफ बिजनेस ऑफिसर मनीष मेहता और पीएनबी के चीफ जनरल मैनेजर सुधीर दलाल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्रा और एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के एमडी एवं सीईओ देबाशीष मिश्रा भी मौजूद रहे। इस साझेदारी के तहत पीएनबी कर्मचारियों को म्यूचुअल फंड प्रोडक्ट्स की जानकारी देने और उनकी बिक्री से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही ग्राहकों के डिजिटल ऑनबोर्डिंग, ट्रांजेक्शन और अन्य सर्विस के लिए टेक्नोलॉजी सपोर्ट भी उपलब्ध कराया जाएगा। एसबीआई का बैंकिंग चैनल पहले ही करीब 3 लाख करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड एसेट अंडर मैनेजमेंट संभाल रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि पीएनबी के बड़े ब्रांच नेटवर्क से म्यूचुअल फंड निवेश को छोटे शहरों और नए निवेशकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के अनुसार, देश में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री तेजी से विस्तार कर रही है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में बैंक ग्राहक पारंपरिक बचत से आगे बढक़र निवेश पोर्टफोलियो बनाने की दिशा में नहीं आए हैं। पीएनबी के साथ यह साझेदारी इसी अंतर को कम करने और लंबी अवधि के लिए अनुशासित निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम है। इसी बीच एसबीआई म्यूचुअल फंड ने एसबीआई बीएसई इंडिया डिफेंस ईटीएफ एफओएफ भी लॉन्च किया है।