व्यापक अनिश्चितताओं के कारण 2023 के बाद से शिक्षा ऋण श्रेणी में वॉल्यूम और वैल्यू दोनों लिहाज से गिरावट देखी गई है। एक प्रमुख ऋण सूचना कंपनी ट्रांसयूनियन सिबिल ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, ऋण की मात्रा छोटे आकार वाले कर्ज की ओर स्थानांतरित हो रही है। इसमें बताया गया कि जनवरी-जून, 2026 के दौरान दिए गए कुल कर्ज में 42 प्रतिशत ऋण एक लाख रुपये से कम के थे। रिपोर्ट में कहा गया कि पोर्टफोलियो गुणवत्ता के नजरिये से शिक्षा ऋण का प्रदर्शन बेहतर लगता है, क्योंकि केवल 0.53 प्रतिशत ऋण ही ऐसे हैं जिनका भुगतान 90 दिन से अधिक समय से नहीं किया गया है यानी जो एनपीए हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2019 के बाद से शिक्षा ऋण की बकाया राशि में 3.2 गुना वृद्धि हुई है, जबकि सक्रिय ऋणों की संख्या में केवल 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह शिक्षा की बढ़ती लागत और विदेशी तथा पेशेवर शिक्षा के लिए अधिक कर्ज लिए जाने के कारण बड़े आकार के कर्ज की ओर झुकाव का संकेत देता है। रिपोर्ट में कहा गया कि 2019 के बाद से शिक्षा ऋण की मात्रा और मूल्य दोनों में लगभग 4.5 गुना की वृद्धि हुई है। 2023 में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई, जिसके बाद से मात्रा और मूल्य दोनों में गिरावट आई है, जिसका संभावित कारण व्यापक अनिश्चितताओं का प्रभाव है। टीयू-सिबिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि कर्ज का औसत आकार 2023 के 14.3 लाख रुपये के उच्चतम स्तर से घटकर 2026 की पहली छमाही में 7.5 लाख रुपये रह गया है।