भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में इक्विटी फंड्स का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। पिछले 10 साल में इक्विटी और ईएलएसएस फंड्स का एयूएम 7.7 गुना उछलकर 37.18 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। खास बात यह है कि इस दौरान पूरी म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एयूएम 5.1 गुना ही बढ़ा। यानी इक्विटी फंड्स ने ग्रोथ के मामले में पूरी इंडस्ट्री को पीछे छोड़ दिया है। आईसीआरए एनालिटिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2016 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एयूएम 16.29 लाख करोड़ रुपये था, जो अक्टूबर 2026 में बढक़र 83.39 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं, इक्विटी और इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम (ईएलएसएस) का एयूएम इसी अवधि में 4.85 लाख करोड़ रुपये से बढक़र 37.18 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इक्विटी फंड्स की इस शानदार ग्रोथ का असर इंडस्ट्री में उनकी हिस्सेदारी पर भी दिख रहा है। अक्टूबर 2016 में कुल एयूएम में इक्विटी फंड्स की हिस्सेदारी 29.8' थी, जो अक्टूबर 2026 में बढक़र 44.6 प्रतिशत हो गई। इस दौरान पूरी इंडस्ट्री की एयूएम ग्रोथ 17.7 प्रतिशत की सीएजीआर रही, जबकि इक्विटी और ईएलएसएस फंड्स ने 22.6 प्रतिशत की सीएजीआर से ग्रोथ दर्ज की। इक्विटी कैटेगरी में स्मॉल कैप और सेक्टोरल एवं थीमैटिक फंड्स निवेशकों के लिए सबसे तेजी से बढऩे वाली कैटेगरी बनकर उभरे। अक्टूबर 2019 से अक्टूबर 2026 के बीच स्मॉल कैप फंड्स का एयूएम 37.3 प्रतिशत की सीएजीआर से बढक़र 9.2 गुना हो गया। वहीं, सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स का एयूएम 35.3 प्रतिशत की सीएजीआर से 8.3 गुना बढ़ा। लार्ज एंड मिड कैप फंड्स ने 30.2 प्रतिशत और मिड कैप फंड्स ने 29.6 प्रतिशत की सीएजीआर दर्ज कर मजबूत ग्रोथ दिखाई। दूसरी ओर, लार्ज कैप फंड्स का एयूएम 14.8 प्रतिशत, ईएलएसएस का 12.9 प्रतिशत और मल्टी कैप फंड्स का 7.1 प्रतिशत की सीएजीआर से बढ़ा। फ्लेक्सी कैप फंड्स ने अक्टूबर 2021 से अक्टूबर 2026 के बीच 22 प्रतिशत की सीएजीआर दर्ज की। आईसीआरए एनालिटिक्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मार्केट डेटा प्रमुख अश्विनी कुमार के मुताबिक, म्यूचुअल फंड फोलियो की बढ़ती संख्या बताती है कि निवेश की अलग-अलग कैटेगरी में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। एयूएम में बढ़ोतरी केवल नए निवेश के कारण नहीं हुई है, बल्कि बाजार में निवेश की वैल्यू बढऩे का भी इसमें योगदान है। पिछले एक दशक का ट्रेंड साफ संकेत देता है कि भारतीय निवेशक तेजी से कैपिटल मार्केट की ओर रुख कर रहे हैं और म्यूचुअल फंड निवेश अब उनकी पसंद का अहम हिस्सा बनता जा रहा है।