प्रतिष्ठित उद्योगपति, बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड के संस्थापक एवं सीएमडी शिवरतन अग्रवाल उर्फ फन्ना बाबू के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बीकानेर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सादुलगंज स्थित आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया।मंत्री नन्दी ने कहा कि फन्ना बाबू एक दूरदर्शी उद्यमी थे, जिन्होंने बीकानेर के पारंपरिक भुजिया उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने मशीनों के माध्यम से भुजिया उत्पादन की शुरुआत कर उद्योग को नई दिशा दी। उनका निधन उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि फन्ना बाबू के निधन से समाज ने एक सफल उद्यमी, विनम्र व्यक्तित्व, अनुभवी मार्गदर्शक और उत्कृष्ट समाजसेवी को खो दिया है। उनका जाना वैश्य-व्यापारी समाज के लिए वरिष्ठ अभिभावक के साये के उठने जैसा है। मंत्री नन्दी ने उनके अपनी मिट्टी से जुड़े रहने के भाव को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि जड़ों से जुड़े रहकर ही वास्तविक उन्नति संभव है। वे अपने पीछे सेवा और संस्कारों की समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं, जो सदैव समाज को प्रेरित करती रहेगी। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी शोक व्यक्त किया:- अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बीकाजी गु्रप के संस्थापक स्व. शिवरतन अग्रवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने स्व. अग्रवाल के सुपुत्र दीपक अग्रवाल को संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि शिवरतन अग्रवाल ने बीकानेर की प्रसिद्ध भुजिया को देश-विदेश में पहचान दिलाने में अतुलनीय योगदान दिया। उनका निधन उद्योग जगत और वैश्य समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, जिला बीकानेर के अध्यक्ष विनोद बाफना, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विजय बाफना, प्रवक्ता संजय जैन, प्रदेश युवा इकाई के उपाध्यक्ष लोकेश करनानी, मंत्री अंकित बाफना, युवा इकाई सचिव किशन अग्रवाल, मंथन अग्रवाल, राजू दफ्तरी एवं अभिषेक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।