एप्पल आईफोन 17 इस साल के फस्र्ट क्वार्टर (जनवरी-मार्च अवधि) में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन बन गया है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई। काउंटरपॉइंट रिसर्च के विश्लेषण के अनुसार, आईफोन 17 सीरीज ने शीर्ष तीन स्थान हासिल करते हुए बाजार में अपना दबदबा कायम रखा, जबकि सैमसंग की गैलेक्सी ए सीरीज के पांच मॉडल्स शीर्ष 10 में शामिल हुए। शीर्ष 10 स्मार्टफोन ने तिमाही के दौरान वैश्विक यूनिट बिक्री का 25 प्रतिशत हिस्सा हासिल किया, जो किसी भी पहली तिमाही में शीर्ष 10 स्मार्टफोन का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। यह एप्पल के लेटेस्ट लाइनअप की मजबूत डिमांड और बढ़ते कंपोनेंट लागतों के कारण मास-मार्केट सेगमेंट में एंड्रॉयड निर्माताओं पर बढ़ते दबाव के कारण संभव हुआ। काउंटरपॉइंट रिसर्च के सीनियर एनेलिस्ट ने कहा कि उच्च बेस स्टोरेज, बेहतर कैमरा रिजॉल्यूशन और एडवांस डिस्प्ले रिफ्रेश रेट जैसे प्रमुख अपग्रेड के कारण आईफोन 17 अपने पिछले मॉडल से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, जिससे यह प्रो वेरिएंट के करीब पहुंच गया है। आगे कहा कि चीन और अमेरिका जैसे प्रमुख बाजारों में इस डिवाइस ने डबल डिजिट की वार्षिक वृद्धि दर्ज की, और दक्षिण कोरिया में इस तिमाही के दौरान लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की। वहीं,आईफोन 17 प्रो मैक्स और आईफोन 17 प्रो ने भी एडवांस कैमरा, बैटरी और डिजाइन सुविधाओं के साथ कड़ी टक्कर दी। एंड्रॉइड डिवाइसों में, सैमसंग का गैलेक्सी ए07 4जी सबसे अधिक बिकने वाला स्मार्टफोन बनकर उभरा, जिसकी मुख्य वजह मध्य पूर्व, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका जैसे उभरते बाजारों में इसकी मजबूत मांग थी। इस मॉडल के विस्तारित सॉफ्टवेयर और सुरक्षा समर्थन ने भी किफायती खरीदारी करने वालों के बीच इसकी लोकप्रियता को बढ़ाया। काउंटरपॉइंट रिसर्च के सीनियर एनेलिस्ट ने कहा कि बाजार की बदलती परिस्थितियों के जवाब में, निर्माता प्रीमियम पोर्टफोलियो पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, और मात्रा के बजाय मूल्य को प्राथमिकता दे रहे हैं।