फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) ने जयपुर स्थित एक निजी होटल में अपने प्रमुख वार्षिक ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव ‘व्यापार राजस्थान 2026’ का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऑटोमोबाइल डीलर राजस्थान के वास्तविक विकास का इंजन है। सरकार इस क्षेत्र को आवश्यक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है 20 स्थानों पर समर्पित ऑटोमोबाइल सेक्टर, रिंग रोड का विकास, पेपरलेस रजिस्ट्रेशन प्राधिकरण और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता नीति के साथ। ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाते हुए और नवाचार के साथ हम राजस्थान को वैश्विक निवेश और व्यापार का पसंदीदा केंद्र बनाएंगे। फाडा के वाइस प्रेसिडेंट साईं गिरधर व फाडा राजस्थान के चेयरपर्सन शार्विक शाह ने बताया कि फाडा व्यापार राजस्थान विकसित राजस्थान को गति देने की पहल विषय पर केंद्रित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से ऑटोमोबाइल डीलर, ओईएम, फाइनेंशियल सेक्टर, नीति विशेषज्ञों आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम में नियामकीय तैयारी, कारोबार में सुगमता, डिजिटल रूपांतरण, सडक़ सुरक्षा और बदलते मोबिलिटी रुझानों पर केंद्रित कई प्रभावशाली ज्ञान सत्र आयोजित किए गए। शाह ने फ्यूचर के लिए तैयार ऑटो रिटेल इकोसिस्टम के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम में ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ सत्र आयोजित हुआ, जिसमें राजस्थान सरकार के परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने डीलरों द्वारा झेली जा रही जमीनी चुनौतियों पर चर्चा की और संचालन दक्षता एवं नियामकीय प्रक्रियाओं में सुधार के उपायों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में आईपीएस राजीव कुमार शर्मा, राशि डोगरा, एसके फाइनेंस लिमिटेड के एमडी राजेंद्र कुमार सेतिया, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के एमडी संजय अग्रवाल व फाडा के सहर्ष दामानी आदि अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रतिवर्ष 10 हजार युवाओं को रोजगार देने की सराहनीय पहल की गई।