औद्योगिक ग्रीवेंसेज समाधान को लेकर आयोजित बैठक में जिले में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार के लिए औद्योगिक भूमि की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके मद्देनजर जिले के रूपाहेली में टेक्सटाइल पार्क में केवल टेक्सटाइल आधारित उद्योग के लिए भूखण्ड आवंटन किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इस सम्बंध में मेवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि अजमेर राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर स्थित रूपाहेली ग्राम की 1292 बीघा भूमि में विकसित किए जा इस पार्क में विविंग, स्पिनिंग, रेडीमेड गारमेंट, डेनिम, प्रोसेसिंग, टेक्नीकल टेक्सटाइल आधारित उद्योग को ही भूखण्ड आवंटन हो। इस प्रस्ताव का भीलवाड़ा टैक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन एवं लघु उद्योग भारती ने भी समर्थन किया चेम्बर के मानद महासचिव आर. के. जैन ने जिला स्तरीय बैठक में कहा कि रूपाहेली में आवंटित भूमि को पीएम मित्रा की तर्ज पर राज्य सरकार विकसित करें और स्तरीय टेक्सटाईल पार्क के लिए आरक्षित रखी जावें। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर रणजीत सिंह ने की। इसमें औद्योगिक इकाइयों में आ रही समस्याओं के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा की गई। भीलवाड़ा टेक्सटाईल ट्रेड फेडरेशन के सचिव प्रेम गर्ग ने बताया कि श्रमिकों के सामने पेयजल की समस्या बनी हुई है। श्रमिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की जानी चाहिये, लेकिन पीने के पानी का समुचित प्रबंध नहीं है। इस पर रीको के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक संजीव नैनावटी ने अवगत कराया कि मुख्यालय से इस संबंध में प्राप्त मार्गदर्शन अनुसार जल अभियांत्रिकी विभाग से तखमीना चाहा गया है, जिस पर जल अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता धनपत राज सोनी द्वारा जल उपलब्ध कराने की सहमति व्यक्त की गई। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष शंभू प्रसाद काबरा एवं रीको ग्रोथ सेंटर हमीरगढ़ लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव रवि जाजू द्वारा वस्त्र प्रसंस्करण उद्योगों के लिए आवश्यक एलपीजी वाणिज्यिक सिलेंण्डरों की निरंतर आपूर्ति नहीं होने संबंधी प्रकरण से अवगत कराया, जिस पर जिला रसद अधिकारी ए.के.मिश्रा ने बताया कि प्राप्त निर्देशानुसार आपूर्ति की जा रही है।