ब्रिटिश लक्जरी स्मार्टफोन ब्रांड वर्टू ने नया फोल्डेबल स्मार्टफोन अल्फाफोल्ड लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह सिर्फ एक लक्जरी फोन नहीं बल्कि एआई कमांड सेंटर है। ल्ट्रा-लक्जरी डिजाइन वाला यह फोन एंटरप्राइज-ग्रेड एआई और हाई सिक्योरिटी फीचर्स के साथ आता है। इसकी एंट्री प्राइस कीमत 6,880 डॉलर (करीब 5.9 लाख) है, जबकि गोल्ड, डायमंड और कस्टम फिनिश वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 46,800 डॉलर (करीब 40 लाख) तक जाती है। फोन का यूएसपी इसका एआई सिस्टम हर्मीस एजेंट है। वर्टू का दावा है कि यह एआई सिर्फ वॉइस असिस्टेंट नहीं बल्कि एक डिजिटल एक्जेक्टिव असिस्टेंट की तरह काम करता है। यह कैलेंडर मैनेजमेंट, मीटिंग शेड्यूलिंग, ट्रैवल प्लानिंग, ईमेल ड्राफ्टिंग, बिजनेस रिपोर्टिंग और ईआरपी/सीआरएम जैसे एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर से कनेक्ट होकर कई काम ऑटोमेट कर सकता है। अल्फाफोल्ड में 8.05-इंच का बड़ा फोल्डेबल डिस्प्ले और 6.53-इंच का आउटर स्क्रीन दिया गया है। क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 8 इलीट/जेन 4 प्रोसेसर से लैस है फोन में 6500 एमएच बैटरी, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और ट्रिपल रियर कैमरा है। फोन में टाइटेनियम फ्रेम, कार्बन फाइबर हिंज, इटालियन कैल्फस्किन लेदर और कुछ कस्टम एडिशन में 18के गोल्ड और डायमंड फिनिश भी दी गई है। कंपनी का कहना है कि इसका हिंज 6.5 लाख फोल्ड तक टेस्ट किया गया है। वर्टू ने इस फोन को खास तौर पर सीईओ, बिजनेस लीडर्स और हाई-नेटवर्थ ग्राहकों के लिए डिजाइन किया है। कंपनी इसे एआई एरा का एक्जेक्टिव फोन बता रही है। एआई एजेंट 80 से ज्यादा एप्स और कई फोन फंक्शन के साथ काम कर सकता है, जिससे यूजर एक ही कमांड से कई टास्क कंट्रोल कर सकता है।