फ्रांस की रोबोटिक्स स्टार्टअप जेनेसिस एआई ने एक नया एआई मॉडल और इंसानों जैसा रोबोटिक हाथ पेश किया है। यह रोबोटिक हैंड टमाटर काटता है तो उसका कचूमर नहीं निकालता। अंडा फोड़ता है तो बिल्कुल दो टुकड़े होते हैं। यह रुबिक्स क्यूब सॉल्व कर सकता है और पियानो भी बजा सकता है। गूगल के पूर्व सीईओ एरिक श्मिट और फ्रांस के बिलिनेयर जेवियर नाइल की फंडिंग वाली जेनेसिस एआई की 2025 में शुरुआत में हुई थी। मिस्ट्राल एआई के रिसर्चर कर चुके थियोफाइल जर्वेट इसके को-फाउंडर हैं। इस रोबोटिक हैंड का कंपनी ने एक वीडियो रिलीज किया है जिसमें वो अंडे पकाते, टमाटर काटते, रुबिक्स क्यूब सॉल्व करते और पियानो बजाते हुए दिखाया गया है। कंपनी का कहना है कि उसका नया एआई मॉडल जीन-26.5 अलग-अलग तरह के रोबोट्स को कंट्रोल कर सकता है। जेनेसिस एआई के अनुसार उसका फोकस ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टरों पर है। इनमें ऐसे रोबोट्स की मांग तेजी से बढ़ रही है जो नाजुक और केबल बांधना और टेप करना आदि एक जैसे कार्य करने के बजाय लगातार बदलने वाले काम कर सकते हैं। कंपनी डेटा सेट तैयार करने के लिए सेंसर लगे विशेष दस्तानों की मदद से हजारों औद्योगिक कर्मचारियों की वास्तविक गतिविधियों का डेटा भी कलेक्ट कर रही है। कंपनी का दावा है कि उसका रोबोटिक हैंड पारंपरिक रोबोटिक ग्रिपर की तुलना में इंसानी हाथ की तरह अधिक तरह के काम करता है। यानी इसे वो काम भी सौंपे जा सकते हैं जो अब तक इंसान करते रहे हैं।