11 जून से फीफा वल्र्ड कप शुरू हो रहा है। इस बार अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में होगा। अमेरिका में ब्रॉडकास्टिंग राइट्स फॉक्स स्पोर्ट्स के पास है। फॉक्स स्पोर्ट्स ने एक नौकरी के लिए एड निकाला है। चीफ वल्र्ड कप वॉचर नाम के इस पद के लिए 19 जुलाई तक करीब 40 दिन की सैलरी 50 हजार डॉलर यानी करीब 45 लाख रुपये होगी। कंपनी इसे सबसे अच्छा समर जॉब कह रही है। इस पोस्ट के लिए दुनियाभर से सबसे फिट कैंडिडेट तलाशने के लिए फॉक्स स्पोर्ट्स ने जॉब साइट इनडीड के साथ पार्टनरशिप की है। इस बंदे को न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर के बीचों-बीच कांच के कमरे में हर मैच...नहीं मैच की हर मिनट देखनी होगी। साथ ही उसे सोशल मीडिया कॉन्टेंट बनाकर शेयर करना होगा जिससे टाइम्स स्क्वायर पर एक लाइव वॉच पार्टी होने लगेगी। इसके लिए इनडीड के जरिए एप्लाई किया जा सकता है और आप सलेक्ट हुए या नहीं इसकी जानकारी 6 जून को बोस्टन रेड सोक्स और न्यूयॉर्क यांकीज के बीच मेजर लीग बेसबॉल गेम के फॉक्स के प्रसारण के दौरान दी जाएगी। इतिहास के इस सबसे बड़े वल्र्ड कप में इस वर्ष 48 टीम भाग ले रही हैं।