गूगल ने एंड्रॉइड एक्सआर स्मार्ट ग्लास को शोकेस किया है। कंपनी के अनुसार उसका एआई मॉडल जेमिनी इस स्मार्ट ग्लास को रियल-टाइम असिस्टेंट में बदल देगा, जो यूजर को रास्ता दिखाने, लाइव ट्रांसलेशन करने, फोटो एडिटिंग और ऐप इंटरैक्शन जैसी सुविधाएं देगा। एंड्रॉइड एक्सआर ग्लास एंड्रॉइड और आईफोन दोनों में काम करेेंगे। इनमें कैमरा, माइक्रोफोन और स्पीकर हैं। प्रीमियम मॉडल्स में लेंस पर डिस्प्ले भी मिलेगा। यानी जरूरी जानकारी सीधे ग्लास के शीशे पर दिखाई देगी। कंपनी के अनुसार सैमसंग के साथ मिलकर डवलप किए जा रहे ये स्मार्ट ग्लास फैशन आईवियर ब्रांड जेंटल मॉन्स्टर और वार्बी पार्कर भी लॉन्च करेंगे। ग्लास यूजर की लोकेशन और देखने की दिशा के आधार पर लाइव नेविगेशन भी देंगे। एंड्रॉइड एक्सआर ग्लास में हैंड्स-फ्री कॉलिंग और टेक्स्ट मैसेजिंग सपोर्ट भी होगा। जेमिनी मिस्ड मैसेज और नोटिफिकेशन का सारांश पढक़र सुना सकता है। प्राइवेट ओवर-ईयर स्पीकर से ऑडियो केवल आपको सुनाई देगा। टेक इंडस्ट्री के अनुसार एंट्री वर्जन ऑडियो स्मार्ट ग्लास की कीमत लगभग 300-500 डॉलर के बीच हो सकती है। वहीं इन-लेंस डिस्प्ले और एडवांस्ड जेमिनी फीचर्स वाले प्रीमियम ग्लास की कीमत 1000-1500 डॉलर तक जा सकती है। सैमसंग, जेंटल मॉन्स्टर और वार्बी पार्कर के साथ पार्टनरशिप के कारण गूगल इस स्मार्ट ग्लास के जरिए फैशन और प्रीमियम टेक दोनों सेगमेंट को टारगेट करेगा। मेटा और रे-बन के स्मार्ट ग्लास की एंट्री प्राइस लगभग $299 डॉलर (28 हजार रुपये) है, जबकि एपल का विजन प्रो हेडसेट $3,499 डॉलर से शुरू होता है।