पिछले सप्ताह ही नासा ने चांद के लिए अपना मिशन आर्टेमिस-2 लॉन्च किया है। स्पेसक्राफ्ट की जो लेटेस्ट तस्वीरें आई हैं वो बड़ी रोचक हैं। हो सकता है कि ये एपल की मार्केटिंग ट्रिक हो लेकिन ऑरिओन स्पेसक्राफ्ट के अंदर आईफोन 17 प्रो मैक्स डिवाइस जीरो ग्रैविटी में तैरता हुआ देखा गया। सोशल मीडिया तस्वीरों और वीडियो में एस्ट्रोनॉट्स इस आईफोन का इस्तेमाल करते नजर आए। इस मिशन के दौरान आर्टेमिस-2 मिशन के कमांडर रीड वाइजमैन और मिशन स्पेशलिस्ट क्रिस्टीना कोच की कुछ सेल्फी सामने आई हैं, जिनमें वे स्पेसक्राफ्ट की खिडक़ी से पृथ्वी की ओर झांक रहे हैं। माना जा रहा है कि ये तस्वीरें आईफोन 17 प्रो मैक्स से ही ली गई हैं। एक वीडियो में यह फोन एक अंतरिक्ष यात्री से दूसरे के पास जाते समय हवा में तैरता यानी जीरो ग्रेविटी में उतराता हुआ भी दिखा। आर्टेमिस-2 केवल दूसरा ऐसा मिशन है, जिसमें एस्ट्रोनॉट्स को अपने पर्सनल स्मार्टफोन साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। इससे पहले स्पेसएक्स के क्रू-12 मिशन में भी यह सुविधा दी गई थी। हालांकि, स्पेस में किसी भी डिवाइस को ले जाने से पहले उसकी कड़ी जांच की जाती है। नासा ने आईफोन 17 प्रो मैक्स को भी स्पेस एनवायरमेंट के लिए टेस्ट किया था।