इटली की स्पोर्ट्स सुपरकारमेकर फेरारी ने नई वन-ऑफ सुपरकार एचसी25 से पर्दा उठा दिया है। वन-ऑफ यानी इस तरह की कंपनी केवल एक ही कार बनाएगी। एफ8 स्पाइडर प्लेटफॉर्म पर आधारित इस मॉडल को कंपनी ने एक्सक्लूसिव स्पेशल प्रोजेक्ट्स के तहत तैयार किया गया है। इसमें नॉन-हाइब्रिड 3.9 लीटर ट्विन-टर्बो वी8 इंजन है, जो 720 हॉर्सपावर और 770 न्यूटन मीटर टॉर्क पैदा करता है। यह इंजन 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़ा है। कंपनी के अनुसार यह सुपरकार केवल 2.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 340 किमी प्रति घंटा है। एचसी25 को फेरारी डिजाइन स्टूडियो ने विकसित किया है। कार में स्लीक एलईडी हेडलैम्प, वर्टिकल डीआरएल, एरो-शेप साइड प्रोफाइल और ग्लॉस ब्लैक बॉडी बैंड जैसे एलिमेंट शामिल हैं। इसका डिजाइन कंपनी की नई सुपरकारों से प्रेरित माना जा रहा है। कार का एक्सटीरियर मैट मूनलाइट ग्रे रंग में तैयार किया गया है, जबकि इंटीरियर में ग्रे और येलो थीम दी गई है। सीट्स, डैशबोर्ड और स्टिचिंग में येलो एक्सेंट्स का इस्तेमाल किया गया है। कार में कस्टम 20 इंच फाइव-स्पोक अलॉय व्हील्स हैं। कई फैन इसे फेरारी की आखिरी प्यॉर वी8 नॉन-हाइब्रिड सुपरकार मान रहे हैं, क्योंकि कंपनी तेजी से हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक मॉडल्स की ओर बढ़ रही है। इसकी अनुमानित कीमत 40 लाख डॉलर है जो रुपये में 330 करोड़ के बराबर बैठती है।