रीको को अजमेर आईटी पार्क में प्लॉट के लिए 22 कम्पनियों के आवेदन मिले हैं। यहां सडक़ें भी तैयार हो गई है। बिजली-पानी की सुविधा भी जल्द उपलब्ध होगी। आईटी के साथ इंडस्ट्री हब भी जल्द बनेगा। एक कम्पनी ने काम शुरू कर दिया है। रीको ने चाचियावास में 114 हैक्टेयर जमीन इंडस्ट्रीयल एरिया के लिए मांगी है। भिवाड़ी की तर्ज पर इस क्षेत्र का विकास होगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को आईटी पार्क का अवलोकन करने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आईटी पार्क अजमेर में रोजगार, औद्योगिकीकरण और डिजिटल सेक्टर की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इसके लिए विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान देवनानी ने सडक़ निर्माण, समतलीकरण, बाउंड्री वॉल, डिमार्केशन, पावर लाइन और बेसिक इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रीको के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समतलीकरण, लेवलिंग तथा सडक़ निर्माण का कार्य पूर्ण किया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आईटी पार्क के भीतर प्लग-एंड-प्ले मॉडल को प्रोत्साहित करते हुए बहुमंजिला इमारतों में मल्टीपल आईटी यूनिट्स की स्थापना की सुविधा विकसित की जाएगी। रीको के अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को जानकारी दी कि आईटी पार्क का कुल क्षेत्रफल 27.55 एकड़ है। इसमें से 45 हजार 310 वर्गमीटर भूमि औद्योगिक और कॉमर्शियल उपयोग के लिए बेची जाएगी। रीको ने आईटी पार्क के विकास के लिए 23.65 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इसके अंतर्गत भूमि मुआवजा, समतलीकरण, सिविल निर्माण कार्य, सर्वे-डिमार्केशन, सडक़ निर्माण, विद्युत कार्य, स्ट्रीट लाइट, वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर इत्यादि शामिल हैं।