किस ऑफ डेथ यानी ...पता था जान जाएगी। एक शादीशुदा चीनी बिलिनेयर का एक महिला को किस (चुंबन) करते हुए वीडियो वायरल होने भर से उसकी कंपनी की चूल ही हिल गईं। स्कैंडल खड़ा हो जाने के कारण कंपनी के शेयरों में गिरावट आई और कुछ ही घंटों में करीब 20 बिलियन युआन (लगभग 2.9 बिलियन डॉलर) की मार्केट वैल्यू साफ हो गई। इंटरनेट पर उडक़र चली इस फोटो में चीन की बड़ी प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) मेकर कंपनी विक्ट्री जायंट टेक्नोलॉजी (शेंगहोंग टेक्नोलॉजी) के चेयरमैन ओर फाउंडर चेन ताओ एक महिला के साथ नजर आ रहे हैं। ताओ की कंपनी एआई दिग्गज एनवीडिया की सप्लायर भी है। तस्वीर में जो महिला ताओ के साथ नजर आ रही हैं उनका नाम है जेनजेन जेनिस। उन्होंने एक सोशल मीडिया पर ताओ के साथ रोमांस को लेकर एक पोस्ट की थी। इन पोस्ट में प्राइवेट बातचीत के स्क्रीनशॉट और एक वीडियो शामिल था, जिसमें एक पुरुष और महिला को लिफ्ट के अंदर हाथ पकड़ते, गले लगते और किस करते हुए देखा गया। यूजर ने दावा किया कि वह बिलिनेयर के साथ रिश्ते में थी। वहीं, 54 वर्षीय चेन ताओ शादीशुदा हैं। विवाद इतना गहराया कि 8 जून को शेंगहोंग टेक्नोलॉजी के शेयरों में 9 परसेंट से ज्यादा गिरावट आई और कुछ ही घंटों में कंपनी के मार्केटकैप से 20 बिलियन युआन यानी करीब 2.9 बिलियन डॉलर साफ हो गए। कंपनी ने कहा कि इंटरनेट पर फैल रही जानकारी का कंपनी के ऑपरेशन, कॉर्पोरेट गवर्नेंस या इंटरनल कंट्रोल से कोई संबंध नहीं है। चेयरमैन चेन ताओ के पद छोडऩे या उनके निजी मामलों से जुड़ी अटकलों पर कंपनी के कर्मचारियों ने कहा कि यह प्राइवेसी का मामला है। शेंगहोंग टेक्नोलॉजी ने पिछले कुछ वर्ष में तेजी से विस्तार किया है। कंपनी एनवीडिया की प्रमुख पीसीबी सप्लायरों में शामिल हो गई है, जिससे उसे एआई चिप उद्योग की बढ़ती मांग का फायदा मिला। कंपनी का मार्केट कैप करीब 50 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है और चेयरमैन चेन ताओ की पर्सनल नेटवर्थ लगभग 11.6 बिलियन डॉलर है।