प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को वेदांता ग्रुप के परिसरों पर छापेमारी की। रिपोट्र्स के अनुसार यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत चल रही एक जांच के संबंध में की गई। फिलहाल कथित उल्लंघनों की प्रकृति या जांच के दायरे के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों ने भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया है। वेदांता समूह के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध करा रही है। प्रवक्ता ने कहा, कंपनी सभी लागू कानूनों और नियमों के अनुपालन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चूंकि मामला फिलहाल नियामकीय प्रक्रिया के अधीन है, इसलिए इस चरण में हम इससे अधिक कोई टिप्पणी करने में असमर्थ हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब वेदांता ग्रुप विभिन्न व्यवसायों की रीस्ट्रक्चरिंग, इंवेस्टमेंट प्लान और डैट मैनेजमेंट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर काम कर रहा है। फेमा भारत में विदेशी मुद्रा लेनदेन, विदेशी निवेश, क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट और पूंजी प्रवाह से जुड़े नियमों को नियंत्रित करता है। यदि किसी कंपनी या व्यक्ति पर फेमा के प्रावधानों के उल्लंघन का संदेह होता है, तो ईडी को जांच और तलाशी की कार्रवाई करने का अधिकार होता है।