इन्फोसिस के को-फाउंडर एस. गोपालकृष्णन ने कहा कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अब खुद कोड लिखने की जगह एआई द्वारा लिखे कोड की समीक्षा और उसे प्रमाणित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोडिंग (प्रोग्रामिंग) पहला काम है जिसे एआई ने स्वचालित कर दिया है और इस तकनीक पर अभी पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने ‘बेंगलुरु टेक समिट 2026’ में कहा कि निकट भविष्य में बड़ी कंपनियों के लिए आईटी सेवाएं और आउटसोर्सिंग जारी रहेंगी, भले ही एआई कई नई कंपनियों के लिए उत्पाद और सेवाएं बनाने के अवसर खोले। कर्नाटक सरकार के आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विजन समूह के अध्यक्ष गोपालकृष्णन ने कहा कि एआई का प्रभाव सबसे पहले कोडिंग क्षेत्र में देखने को मिला है। अजीब बात है कि हमने सोचा था कि यह अन्य क्षेत्रों को प्रभावित करेगा, लेकिन सबसे पहले यही (कोडिंग) क्षेत्र प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अब एक प्रोग्रामर के काम को कोड की समीक्षा और उसे प्रमाणित करने के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम अब भी एआई पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर सकते। यह भ्रमित हो सकता है, यह कोड में कोई छिपी हुई कमी, या कभी-कभी जानबूझकर कोड में कोई बग (खराबी) छोड़ सकता है।