देश में चालू कैलेंडर साल के पहले नौ माह (जनवरी-सितंबर) में रियल एस्टेट कंपनियों का जमीन अधिग्रहण सालाना आधार पर 56 प्रतिशत घटकर 1,445 एकड़ रह गया। रियल एस्टेट सलाहकार एनारॉक ने यह जानकारी दी। एनारॉक ने बुधवार को कहा कि भारत में जमीन अधिग्रहण का बाजार धीमा पड़ा है। डेवलपर जमीन की बढ़ती लागत और परियोजनाओं की व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए विस्तार की योजनाओं में संतुलन बना रहे हैं। एनारॉक समूह के भूमि सेवा (लैंड सर्विसेज) प्रभाग के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मयंक सक्सेना ने कहा, ‘‘2026 के पहले नौ महीनों में करीब 1,445 एकड़ जमीन के लिए 76 सौदे हुए। यह जमीन अधिग्रहण की रणनीति में अधिक सतर्कता और चुनिंदा सौदों पर ध्यान देने का संकेत है।’’ इससे पिछले साल की समान अवधि में करीब 3,292 एकड़ जमीन के लिए 99 सौदे हुए थे। रियल एस्टेट सलाहकार ने कहा कि 2026 के पहले नौ महीनों में जमीन के हर चार सौदों में से एक में जमीन मालिकों के साथ संयुक्त विकास समझौते (जेडीए) किए गए। इस अवधि में हुए 76 सौदों में से कम से कम 19 जेडीए थे। उन्होंने कहा, ‘‘परियोजनाओं की आर्थिक व्यवहार्यता का महत्व बढऩे के साथ डेवलपर जमीन मालिकों के साथ मौजूदा जमीन पर संयुक्त विकास समझौतों को तेजी से अपना रहे हैं।’’ जेडीए व्यवस्था के तहत डेवलपर जमीन की सीधे खरीद करने के बजाय साझेदारी के जरिये उस पर परियोजनाएं विकसित कर सकते हैं। जेडीए सौदों की संख्या 2022 के 10 से बढक़र 2025 में 30 हो गई। कुल जमीन सौदों में जेडीए की हिस्सेदारी 2022 में करीब 12 प्रतिशत से बढक़र 2025 में लगभग 24 प्रतिशत और 2026 के पहले नौ महीनों में 25 प्रतिशत हो गई।