केंद्र सरकार ने देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ लॉन्च किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने 10वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान इस पोर्टल का शुभारंभ किया। केंद्र सरकार ने देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ लॉन्च किया है। ‘भारत के स्वास्थ्य भविष्य को आकार देने वाली सर्वोत्तम प्रथाएं’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में पोर्टल को एकीकृत और कुशल डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे की दिशा में एक बड़ी पहल बताया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित यह पोर्टल विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने का काम करेगा। अब तक अलग-अलग डिजिटल एप्लिकेशन के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और रिपोर्टिंग की जाती थी, जिससे डेटा बिखराव, दोहराव और संसाधनों की बर्बादी जैसी समस्याएं सामने आती थीं। ‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ इन चुनौतियों का समाधान करते हुए एक ‘वन-स्टॉप’ प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा। यह पोर्टल एपीआई-आधारित फेडरेटेड आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है, जो अलग-अलग स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सिस्टम को आपस में जोड़ता है। इससे इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ेगी और डेटा का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा। स्वास्थ्य कर्मियों को अब अलग-अलग पोर्टल पर लॉगिन करने या बार-बार डेटा एंट्री करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका समय बचेगा और कार्यक्षमता में सुधार होगा।