देश के ऑनलाइन रिटेल बाजार में फ्लिपकार्ट ने ग्राहक आधार के मामले में अमेजन पर अपनी बढ़त मजबूत कर ली है। मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं (एमएयू) में फ्लिपकार्ट और उसकी फैशन इकाई मिंत्रा की संयुक्त हिस्सेदारी 35 प्रतिशत रही, जो देश के किसी भी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के लिए सबसे अधिक है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। गोल्डमैन सैक्स ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च और बर्नस्टीन ने यह रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक, फ्लिपकार्ट-मिंत्रा की अमेजॉन पर संयुक्त बढ़त गत चार वर्ष में करीब दोगुनी हो गई है। वर्ष 2022 में यह अंतर करीब नौ प्रतिशत अंक था, जो अब बढक़र 17 प्रतिशत अंक हो गया है। लेनदेन मूल्य के मामले में भी फ्लिपकार्ट आगे है। यह आंकड़े ऐसे समय आए हैं जब भारत का ऑनलाइन रिटेल बाजार तेजी से बदल रहा है। क्विक कॉमर्स सेगमेंट किराना और रोजमर्रा की जरूरत के सामान से आगे बढ़ रहा है, जबकि छोटे शहरों और कस्बों में कम कीमत वाले उत्पादों पर केंद्रित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भी उपयोगकर्ता जोड़ रहे हैं।