दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन की कुल शिपमेंट 2026 के अंत तक 10 करोड़ यूनिट्स के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई। काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, यह इस कैटेगरी के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि दुनिया में पहले व्यावसायिक रूप से उपलब्ध फोल्डेबल स्मार्टफोन को लॉन्च हुए आठ साल हो चुके हैं। 2027 में दुनियाभर में फोल्डेबल स्मार्टफोन की शिपमेंट एन्युअल लेवल पर 37 प्रतिशत बढऩे की उम्मीद है। इस वृद्धि की प्रमुख वजह इस सेगमेंट में एप्पल का प्रवेश, सैमसंग एवं अन्य कंपनियों के ज्यादा चौड़ी स्क्रीन वाले बुक-टाइप फोल्डेबल डिवाइस की मजबूत डिमांड है। फिलहाल फोल्डेबल स्मार्टफोन की हिस्सेदारी दुनियाभर के कुल स्मार्टफोन बाजार में केवल करीब 2 प्रतिशत है। ऐसे में इस सेगमेंट के आगे विस्तार की काफी गुंजाइश है। एप्पल के 2026 में 60 लाख तक फोल्डेबल आईफोन की शिपमेंट करने की उम्मीद है। इससे ग्लोबल फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में एप्पल की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत हो सकती है। इसके साथ ही एप्पल सैमसंग के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। सैमसंग की बाजार हिस्सेदारी करीब 38 प्रतिशत रहने का अनुमान है। काउंटरपॉइंट रिसर्च ने कहा कि उत्पादन बढऩे के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में फोल्डेबल आईफोन की उपलब्धता धीरे-धीरे बढऩे की उम्मीद है। रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक ने कहा कि एप्पल के प्रवेश से प्रीमियम सेगमेंट में निश्चित रूप से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2027 में एप्पल की फोल्डेबल स्मार्टफोन शिपमेंट दोगुने से भी अधिक हो सकती है और उसकी बाजार हिस्सेदारी बढक़र 40 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।