देश में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के बाद डिजिटल सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी जियो ने अब संपर्क, डिजिटल उत्पाद, उद्यम समाधान और एआई के क्षेत्र में भारत में विकसित प्रौद्योगिकी के साथ वैश्विक बाजार पर अपनी नजरें टिका दी हैं। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने जियो के 10 वर्ष पूरे होने पर कहा कि संगठन ने अभूतपूर्व पैमाने पर डिजिटल इंडिया की नींव रखी है, देश के 5जी में बदलाव को गति दी है, घरों और व्यवसायों को जोड़ा है तथा देश के लोगों के लिए प्रौद्योगिकी का विस्तार लगातार जारी रखा है। जियो आज एक दूरसंचार कंपनी से कहीं अधिक है। हम संपर्क, डिजिटल उत्पादों, उद्यम समाधान और एआई के क्षेत्र में भारत में ही मौलिक प्रौद्योगिकी का निर्माण कर रहे हैं। हमारे सामने अवसर यह है कि हम बड़े पैमाने पर प्रौद्योगिकी के लाभों को सुलभ बनाना जारी रखें, इन प्रौद्योगिकियों को वैश्विक स्तर पर ले जाएं और दुनिया के लिए प्रौद्योगिकी के निर्माता के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करें।