फेसबुक वाली कंपनी मेटा जल्दी ही कमजोर नजर वालों के लिए नए एआई स्मार्ट ग्लास लॉन्च करने जा रहा है। मेटा नजर के स्मार्ट चश्मे भी अपनी पार्टनर रे-बन के साथ मिलकर डवलप कर रही है और इन्हें खास तौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो रोजमर्रा में नंबर वाले चश्मे का इस्तेमाल करते हैं। कंपनी इन्हें दो डिजाइन रेक्टैंगुलर (चौकोर या आयताकार) और राउंडेड (गोल) में पेश करेगी। इन्हें कंपनी चश्मे की दुकानों के जरिए बेचेगी। यह पहली बार होगा जब मेटा के साथ पार्टनरशिप में बनाए गए रे-बन स्मार्ट ग्लास विशेष रूप से प्रिस्क्रिप्शन यूजर्स (नंबर का चश्मा पहनने वाले) को ध्यान में रखकर पेश किए जा रहे हैं। हालांकि, इन्हें मेटा के स्मार्ट ग्लास की न्यू जेनरेशन के रूप में नहीं बल्कि मौजूदा लाइनअप में ही पेश किया जाएगा। मेटा ने पिछले साल रे-बन स्मार्ट ग्लास का नया संस्करण लॉन्च किया था। साथ ही इन-बिल्ट डिस्प्ले वाला पहला मॉडल मेटा रे-बन डिस्प्लेज भी पेश किया था। नजर के इस स्मार्ट ग्लास को स्क्राइबल और ब्ले•ार कोडनेम से डवलप किया जा रहा है। मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने पहले ही संकेत दिया था कि कंपनी प्रिस्क्रिप्शन यूजर पर बड़ा दांव लगाने वाली है। उन्होंने कहा था कि दुनिया में अरबों लोग नजर का चश्मा या कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं, और आने वाले वर्षों में ज्यादातर चश्मे एआई ग्लास बन सकते हैं। स्मार्ट ग्लास कैटेगरी में मेटा को शुरुआती कामयाबी मिल चुकी है लेकिन इस सैगमेंट में कंपीटिशन हॉट हो रहा है। आईफोन वाली एपल भी अपने पहले स्मार्ट ग्लास पर काम कर रही है जो शायद अगले साल लॉन्च होगा।