जीएसटी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और उद्योग अनुकूल बनाने के लिए प्रस्तावित प्रक्रियागत सुधारों का लाभ तभी मिल सकेगा, जब उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने जीएसटी परिषद की सिफारिशों का स्वागत करते हुए कहा है कि इन सुधारों से व्यापारियों, उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों को अनुपालन संबंधी जटिलताओं, अतिरिक्त लागत और अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत मिलने की उम्मीद है। उद्यमियों ने कहा कि कर व्यवस्था का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि कारोबार के लिए सरल, स्थिर और भरोसेमंद वातावरण तैयार करना भी जरूरी है। जीएसटी प्रक्रियाओं में व्यावहारिक सुधार होने से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और उद्यमियों का समय अनुपालन संबंधी औपचारिकताओं के बजाय कारोबार के विस्तार में लग सकेगा। रिफंड और इनपुट टैक्स क्रेडिट पर विशेष जोर : जीएसटी रिफंड प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध बनाने, इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित प्रावधानों को अधिक स्पष्ट करने और पंजीकरण प्रक्रिया के स्वचालन जैसे कदम कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। रिफंड में देरी से कार्यशील पूंजी प्रभावित होती है, जबकि इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े नियमों की जटिलता के कारण कारोबारियों को दस्तावेजी औपचारिकताओं और विभागीय प्रक्रियाओं में अतिरिक्त समय देना पड़ता है। कर विवादों के निस्तारण के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और विभागीय कार्यवाही में पारदर्शिता बढऩे से वास्तविक कर अनुपालन करने वाले व्यापारियों एवं उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने में मदद मिल सकती है। इससे कारोबारी निर्णयों में अनिश्चितता कम होगी और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा। द्वारकाप्रसाद पचीसिया, अध्यक्ष, बीकानेर जिला उद्योग संघ का कहना है कि जीएसटी में प्रस्तावित सुधार व्यापार एवं उद्योग के लिए सकारात्मक कदम हैं। इनका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब प्रक्रियाओं को सरल बनाने के साथ उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए। रिफंड में देरी, इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़ी जटिलताओं और अनावश्यक विभागीय प्रक्रियाओं से राहत मिलने पर कारोबारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। वीरेंद्र किराड़ू, सचिव, बीकानेर जिला उद्योग संघ का कहना है कि कर व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें ईमानदारी से कारोबार करने वाले उद्यमियों को नियमों के अनुपालन में अनावश्यक समय और संसाधन खर्च नहीं करने पड़ें। पंजीकरण प्रक्रिया का स्वचालन, स्पष्ट दिशा-निर्देश और पारदर्शी विभागीय कार्यवाही जीएसटी व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बना सकती है। सुधारों का लाभ व्यापारियों तक पहुंचाने के लिए समयबद्ध और व्यावहारिक क्रियान्वयन जरूरी है।