एस.एस. जैन सुबोध शिक्षा समिति की साधारण सभा का वार्षिक अधिवेशन अरिहन्त सभागार सुबोध पब्लिक स्कूल रामबाग सर्किल में आयोजित किया गया, जिसका मंच संचालन संजीव कोठारी द्वारा किया गया। अधिवेशन में सुबोध शिक्षा समिति के सभी कार्यकारिणी सदस्यों के साथ-साथ समिति के सदस्य उपस्थित हुये। अधिवेशन में गत वर्ष की साधारण सभा के कार्यवाही विवरण की पुष्टि की गई तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंकेक्षित लेखों का सचित्र प्रस्तुतीकरण समिति के कोषाध्यक्ष विनोद कुमार लोढ़ा द्वारा दिया गया जिसका उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठा कर सर्वसम्मति से अनुमोदन किया। तत्पश्चात् चलचित्र के माध्यम से सुबोध की समस्त संस्थाओं के गत वर्ष की गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया तथा सभा के दौरान मंत्री सुमेर सिंह बोथरा ने सुबोध संस्थाओं की विशेष उपलब्धियों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों एवं समाज के विभिन्न व्यक्तियों से संस्था की प्रगति व अन्य कार्यों हेतु सुझाव आमंत्रित किये गये। अध्यक्ष नवरत्न कोठारी ने भी सभा को संबोधित किया।