अदरक की कीमत ऊंची बनी होने के बाद भी यहां सौंठ की कीमत दबाव में बनी हुई है। तापमान और उत्पादन बढऩे के कारण इसकी बिक्री प्रभावित हो रही है। आगामी दिनों में सौंठ में तेजी की उम्मीद नहीं है। यहां पर फिलहाल बंगलौर से अदरक आ रही है। तापमान बढऩे के बाद पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान हुई वर्षा के बाद भी भी अदरक की कीमत अपेक्षाकृत रूप से ऊंची बनी हुई है। यहां बंगलौर की अदरक हाल ही में 4 रुपए तेज होकर फिलहाल 60-62 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास बनी हुई है। इससे पूर्व हाल ही में इसमें 2-4 रुपए की तेजी आई थी। अदरक की इस मजबूती का प्रमुख कारण यह है कि आपूर्ति सामान्य से तंग बताई जा रही है। हाल ही में केरल की कोच्चि मंड़ी में सौंठ की थोक कीमत फिलहाल क्वालिटीनुसार 300/325 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास बनी हुई है। इससे पूर्व हाल ही में इसमें 20-25 तेजी आई थी। गौरतलब है कि पूर्व में अदरक की कीमत तेज होती हुई 200-225 रुपए के रिकॉर्डतोड़ स्तर पर जा पहुंची थी। आवक और उपलब्धता सामान्य से कमजोर होने के परिणामस्वरूप सौंठ बनाने के लिए अदरक मिल ही नहीं रही थी। यही वजह है कि उत्पादक राज्यों से अदरक और सौंठ की आवक तुलनात्मक से कमजोर ही बनी रही थी। इसके विपरीत इस बार देश में सौंठ का उत्पादन अच्छा हुआ है। उधर, केरल की कोच्चि मंड़ी में नई सौंठ की आवक का श्रीगणेश होने के बाद से लेकर अभी तक कभी भी पर्याप्त दबाव नहीं बना है। गौरतलब है कि अदरक में तेजी का प्रमुख कारण यह बताया जा रहा है कि नाइजीरिया में इस बार सौंठ का उत्पादन करीब 50 प्रतिशत लुढक़ने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। इधर, सौंठ सामान्य में हाल ही में 500 रुपए मंदी होकर फिलहाल 28,000/28,500 रुपए प्रति क्विंटल के स्तर पर बनी हुई है। इससे पूर्व इसमें इतनी ही मंदी आई थी। महाराष्टï्र में इस बार सौंठ का उत्पादन अच्छा हुआ था लेकिन वहां की फसल समाप्त हो गई है। इस बार राज्य में सौंठ की क्वालिटी सामान्य से हल्की आई थी। इससे बाजार की धारणा प्रभावित हो रही है। उधर, मसाला बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-दिसम्बर अवधि में देश से 949.45 करोड़ रुपए कीमत की 1,06,945 टन सौंठ निर्यात हुई है। एक वर्ष पूर्व की आलोच्य अवधि में इसकी 65,981 टन मात्रा का निर्यात हुआ था और इससे 616.89 करोड़ रुपए की आय हुई थी। इससे पता चलता है कि इस बार इसके मात्रात्मक निर्यात में 62 प्रतिशत और आय में 54 प्रतिशत का उछाल आया है। आगामी दिनों में हाजिर में सौंठ में तेजी की संभावना नहीं है।