गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे ने आरोप लगाया कि राज्य में स्टार रेटिंग वाले कई होटल अधिक सरकारी शुल्क से बचने के लिए जानबूझकर अपनी श्रेणी घटा रहे हैं, जिससे रेवेन्यू को नुकसान हो रहा है। कुछ पांच सितारा होटल, जो ‘ए’ या ‘बी’ श्रेणी में होने चाहिए, वे उससे नीचे की श्रेणी में जा रहे हैं ताकि ऊंचे शुल्क से बचा जा सके। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस मामले में पर्यटन विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, जो इन होटलों का भौतिक निरीक्षण कर उनकी श्रेणी तय करने के लिए जिम्मेदार थे। उन्होंने कहा कि पर्यटन निदेशक केदार नाइक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है, जो राज्य के सभी पर्यटन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उनकी श्रेणी की जांच करेगी। खौंटे ने कहा कि विभाग ने इन प्रतिष्ठानों के लिए विभिन्न मानकों के आधार पर श्रेणियां तय की हैं, लेकिन कई होटल अधिक शुल्क से बचने के लिए स्वयं अपनी श्रेणी घटा रहे हैं, जिससे राज्य को रेवेन्यू में नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह टीम होटल पंजीकरण, नवीनीकरण और अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच करेगी।