रेनॉ ने डस्टर का नया अवतार भारत में लॉन्च किया है। रेनॉ डस्टर की प्री-बुकिंग 26 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। कंपनी के मुताबिक, नॉन-हाइब्रिड वेरिएंट की डिलीवरी मार्च 2026 से होगी। वहीं हाइब्रिड वेरिएंट की डिलीवरी दिवाली 2026 के आसपास होगी। प्री-बुकिंग 21 हजार रुपये में कर सकते हैं। नई डस्टर में तीन इंजन ऑप्शन हैं। टर्बो टीसीई 160 पेट्रोल इंजन है, जो 163 पीएस की पावर और 280 एनएम का टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स मिलता है। दूसरा 1.8 लीटर ई-टेक 160 स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन है, जिसमें 1.4 किलोवॉट बैटरी और 8-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह शहर में 80 परसेंट तक इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है। तीसरा टीसीई 100 पेट्रोल इंजन है, जो 100 पीएस पावर देता है। एसयूवी का ग्राउंड क्लीयरेंस 212 मिमी है।