प्रमुख उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग ने यहां अत्यधिक प्रतिस्पर्धी घरेलू उपकरण बाजार में अपनी वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय भाषाओं और भारत से संबंधित विशिष्ट सुविधाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) आधारित फीचर पेश किए हैं। दक्षिण कोरियाई कंपनी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारत में स्मार्टथिंग्स ऐप के रजिस्टर्ड यूजर्स बेस में वृद्धि से कंपनी काफी उत्साहित है, जो वर्तमान में वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है। अधिकारियों ने कहा कि देश में स्मार्टथिंग्स के लगभग 2.3 करोड़ पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं, और भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है। शीर्ष दो देश अमेरिका और ब्राजील हैं। पंजीकृत उपकरणों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, जो 2024 में इससे पिछले साल की तुलना में 39 प्रतिशत (वैश्विक स्तर पर) बढ़ी है। स्मार्टथिंग्स सैमसंग का ऐप है जो उपयोगकर्ताओं को कंपनी के ‘इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ (आईओटी) उपकरणों को नियंत्रित करने की सुविधा देता है। वैश्विक स्तर पर इसके लगभग 39 करोड़ उपयोगकर्ता हैं। सैमसंग को उम्मीद है कि भारत में उसकी 70 प्रतिशत बिक्री एआई-आधारित उपकरणों से होगी, इसलिए अब वह अपनी विस्तृत रणनीति के अनुसार अपने मध्यम स्तर के उपकरणों में भी एआई को शामिल कर रही है। उन्होंने कहा कि इस समय भारत के लिए, हमारे पास विशेष उत्पाद हैं।