देश की ग्राम पंचायतों की आर्थिक स्थिति में सुधार के बावजूद अपनी कमाई बढ़ाने के मामले में तस्वीर ज्यादा उत्साहजनक नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम पंचायतें अपनी कुल कमाई का महज 10 प्रतिशत हिस्सा ही खुद जुटा पाती हैं, जबकि करीब 90 प्रतिशत पैसा केंद्र और राज्य सरकारों से मिलने वाले फंड के जरिए आता है। आरबीआई की रिपोर्ट 'पंचायती राज संस्थाओं का वित्त' के अनुसार, 2022-23 और 2023-24 के दौरान ग्राम पंचायतों की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है। करीब 2.25 लाख ग्राम पंचायतों के आंकड़ों पर आधारित रिपोर्ट में बताया गया कि पंचायतों की अपनी कमाई में ब्याज से मिलने वाली रकम, यूजर चार्ज और अन्य गैर-कर आय शामिल है। खर्च के मामले में जलापूर्ति और स्वच्छता सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है। पंचायतों के कुल खर्च का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं कामों पर लगाया गया। हालांकि, ग्रामीण सडक़ों, विद्युतीकरण, पानी और सफाई जैसी सुविधाओं में सुधार के बावजूद अलग-अलग राज्यों के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। आरबीआई ने पंचायतों की अपनी कमाई बढ़ाने, टैक्स वसूली मजबूत करने और प्रशासनिक क्षमता सुधारने की जरूरत बताई है।