त्योहारों के सीजन में चीनी की मिठास महंगी होती जा रही है। सरकार की ओर से सप्लाई बढ़ाने की कोशिशों के बावजूद पिछले एक महीने में चीनी के रिटेल और होलसेल दाम 4 रुपये प्रति किलो से ज्यादा बढ़ गए हैं। अब रिटेल मार्केट में चीनी की औसत कीमत 59.50 रुपये प्रति किलो और होलसेल मार्केट में 55.40 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। एक साल पहले रिटेल मार्केट में चीनी 46.50 रुपये और होलसेल मार्केट में 43.23 रुपये प्रति किलो मिल रही थी। यानी एक साल में चीनी 12 से 13 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है। महानगरों में भी चीनी के दाम में तेजी देखने को मिल रही है। 3 नवंबर को कोलकाता में चीनी की रिटेल कीमत सबसे ज्यादा 65 रुपये प्रति किलो रही, जबकि एक साल पहले यह 50 रुपये थी। दिल्ली में कीमत 64 रुपये और मुंबई में 61 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। पिछले साल इसी दौरान दिल्ली में चीनी 46 रुपये और मुंबई में 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी। चीनी की कीमतों में तेजी की सबसे बड़ी वजह 2025-26 में इसका प्रोडक्शन अनुमान से कम रहना है। इसके अलावा त्योहारों के दौरान बढ़ी डिमांड, फसल को नुकसान, ग्लोबल मार्केट में सप्लाई की कमी और जमाखोरी ने भी कीमतों को ऊपर पहुंचाया है। सरकार ने कीमतों पर कंट्रोल के लिए स्टॉक लिमिट तय करने, इम्पोर्ट, बाजार की निगरानी और गन्ने की पेराई जल्दी शुरू कराने जैसे कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के मुताबिक, 2026-27 के चीनी सीजन के पहले महीने में देश में 8.45 लाख टन चीनी का प्रोडक्शन हुआ है। 8 अक्टूबर को शुरू हुए पेराई सीजन में 30 अक्टूबर तक 152 मिलें प्रोडक्शन शुरू कर चुकी थीं। इससे त्योहारों के दौरान बाजार में सप्लाई बढऩे की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है।