सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी एलआईसी ने तीन नए बीमा प्लान- न्यू जीवन धारा-2, हेल्थ शील्ड और कैंसर कवर पेश किए। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने एक बयान में कहा कि न्यू जीवन धारा-2 एक गैर-भागीदारी, गैर-संबद्ध व्यक्तिगत बचत प्लान है, जिसमें पॉलिसी की शर्तों के अनुरूप सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन के रूप में गारंटीशुदा आय मिलती है।वहीं, हेल्थ शील्ड प्लान पूरे परिवार को व्यापक स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा देता है। इसमें पूरी पॉलिसी अवधि के दौरान प्रीमियम की दरें सुनिश्चित रहेंगी। योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने पर प्रतिदिन एक निश्चित नकद राशि मिलेगी। इसके अलावा, बड़ी सर्जरी और गंभीर बीमारियों की स्थिति में एकमुश्त राशि देने का भी प्रावधान है। एलआईसी ने कहा कि कैंसर कवर प्लान के तहत कैंसर की निर्धारित शुरुआती और गंभीर अवस्था का पता चलने पर निश्चित वित्तीय लाभ दिया जाएगा। यह राशि बीमित व्यक्ति के इलाज पर वास्तव में हुए खर्च पर निर्भर नहीं करेगी। बीमा कंपनी के मुताबिक, इस योजना में न्यूनतम मूल बीमित राशि उम्र संबंधी पात्रता के आधार पर 15 लाख रुपये से 35 लाख रुपये तक है। पहले से ली गई सभी पॉलिसियों को मिलाकर अधिकतम बीमित राशि 50 लाख रुपये होगी।