फ्रांस की बियॉन्ड एअरो नाम की स्टार्टअप बीवाईए-1 बिजनस जेट को तैयार कर रही है। यह एटीएफ के बजाय हाइड्रोजन से चलेगा। इसके प्रोटोटाइप का फ्लाइट ट्रायल हो चुका है और जल्दी ही इसके रेगुलेटरी और सर्टिफिकेशन शुरू होंगे। इस बिजनस जेट को कंपनी ने शॉर्ट-रेंज फ्लाइट के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 8 पैसेंजर और 2 क्रू मेंबर की कैपेसिटी होगी और यह एक बार में 1500 किमी तक उड़ सकेगा और इसकी क्रूजिंग स्पीड करीब 560 किमी होगी। कंपनी का टार्गेट बीवाईए-1 को लॉन्ग डिस्टेंस फ्लाइट नहीं बल्कि रीजनल कनेक्टिविटी के लिए ग्रीन फ्लाइंग के गैप को भरना है। इसमें लगे हाइड्रोजन फ्यूल सेल्स बिजली जेनरेट करेंगे जिससे इलेक्ट्रिक प्रोपेलर को चलाया जाता है। यह पूरी प्रोसेस हाइड्रोजन फ्यूल सैल कार जैसी ही होती है और एमिशन के नाम पर धुआं नहीं बल्कि पानी की भाप निकलती है। कंपनी का दावा है सामान्य जेट एयरक्राफ्ट बहुत ज्यादा आवाज करते हैं जबकि बीवाईए 1 इलेक्ट्रिक कार की ही तरह करीब-करीब साइलेंट होता है। तकनीकी रूप से कंपनी ने क्रायोजेनिक लिक्विड हाइड्रोजन के बजाय हाई-प्रेशर गैसीय हाइड्रोजन स्टोरेज का इस्तेमाल किया है। लेकिन हाइड्रोजन की एनर्जी डेनसिटी (ऊर्जा घनत्व) कम होने के कारण बड़े टैंक की जरूरत पड़ती है, जिससे विमान का वजन बढ़ता है और डिजाइन जटिल हो जाता है। कंपनी इसे 2030 तक रोलआउट करने का प्लान लेकर चल रही है।