मोबाइल फोन विनिर्माता लावा इंटरनेशनल लिमिटेड ने 2030 तक 30,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में 10 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी का मानना है कि उत्पाद इनोवेशन, आकर्षक डिजाइन और बेहतर आफ्टर सेल्स सर्विस के बल पर वह यह लक्ष्य हासिल कर सकेगी। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ने कहा कि स्मार्टफोन श्रेणी में कंपनी की वर्तमान बाजार हिस्सेदारी दो प्रतिशत से कम है, लेकिन गत चार वर्षों में इस श्रेणी में उसकी वार्षिक वृद्धि 40-50 प्रतिशत रही है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद भारतीय स्मार्टफोन कंपनियों के लिए चुनौतीपूर्ण दौर था जिससे हमें अपने स्मार्टफोन कारोबार की रणनीति पर विराम लगाना पड़ा। हमने 2022 में फिर से इस क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया और तब से 40-50 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान उद्योग लगभग स्थिर रहा, लेकिन हम लगातार बढ़ते रहे। कंपनी फिलहाल 30,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस समय हमारी बाजार हिस्सेदारी दो प्रतिशत से कम है। हमारा लक्ष्य 2030 तक इस श्रेणी में 10 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करना है। उन्होंने कहा कि देश में हर साल लगभग 15 करोड़ स्मार्टफोन बिकते हैं। इसमें 30,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन का हिस्सा 70 से 75 प्रतिशत हैं। कंपनी फिलहाल इसी सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित कर रही है और महंगे स्मार्टफोन वर्ग में धीरे-धीरे आगे बढऩे की रणनीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि हम स्मार्टफोन बाजार में बड़ी कंपनियों की हिस्सेदारी में सेंध लगाने में सफल रहे हैं। हमने उन समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया है, जिन्हें अन्य कंपनियां नजरअंदाज कर रही हैं।